महाराणा मेवाड़ फाउंडेशन सम्मान समारोह 15 मार्च को, आवेदन की अंतिम तिथि 20 दिसंबर

उदयपुर, 8 दिसम्बर।

महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन, उदयपुर द्वारा प्रदान किये जाने वाले महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन वार्षिक सम्मान समर्पण समारोह आगामी 15 मार्च वर्ष 2026 को आयोज्य होगा। वार्षिक सम्मानों के तहत दिये जाने वाले अन्तरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य एवं जिला स्तर के विभिन्न सम्मानों हेतु आवेदन आमंत्रित है।

महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन वार्षिक सम्मान समर्पण समारोह संयोजक डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि अन्तरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य स्तर के सम्मानों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान करने वालों के आवेदन अथवा प्रस्ताव आमंत्रित किये जा रहे हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 दिसम्बर 2025 रखी गई है। सम्मान आगामी 15 मार्च 2026, रविवार को होने वाले महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन 42वें वार्षिक अलंकरण समारोह में फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ द्वारा प्रदान किये जाएगें।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन उदयपुर के 42वें वार्षिक अलंकरण समारोह के सम्मानों के लिए विद्यार्थी https://www.eternalmewar.in/ uploads/award/mmfaa_student_form.pdf से तथा अन्तरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय तथा राज्यस्तरीय सम्मानों के लिए https://www.eternalmewar.in/uploads/award/mmfaa_senior_form.pdf से आवेदन डाउनलोड किये जा सकते हैं तथा आवेदन पत्र सिटी पैलेस की बड़ी पोल एवं शीतला माता गेट से प्रातः 10 से शाम 4 बजे तक जमा किये जाएंगे।

फाउण्डेशन के संयोजक डॉ. गुप्ता ने बताया कि फाउण्डेशन द्वारा दिए जाने वाले सम्मानों में अन्तरराष्ट्रीय स्तर का कर्नल जेम्स टॉड सम्मान राजस्थान में मानवता की सार्वभौग सेवा को समर्पित विश्वबंधुत्व की आस्था वाले विदेशी मनीषा को प्रदान किया जाता है। चयन में प्राथमिकता मेवाड़ हेतु स्थाई मूल्य की सेवा वरीयता का आधार रहेगा। इस अलंकरण के तहत 2 लाख की राशि, तोरण, शॉल एवं प्रशस्तिपत्र भेंट किए जाएंगे।

इसी तरह राष्ट्रीय स्तर के अलंकरणों में हल्दीघाटी अलंकरण प्रिण्ट व इलेक्ट्रोनिक पत्रकारिता के माध्यम से समाज की उल्लेखनीय सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। हकीम खाँ सूर अलंकरण: साम्प्रदायिक सद्भाव, देशप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता और अखण्डता के क्षेत्र में स्थायी सेवाओं के लिये प्रदान किया जाता है। महाराणा उदयसिंह अलंकरण: पर्यावरण संरक्षण-संवर्द्धन के क्षेत्र में की गई स्थाई मूल्य की सेवाओं के लिए प्रदान किया जाता है तथा पन्नाधाय अलंकरण: अपने निर्धारित दायित्व की सीमा से ऊपर उठ कर किये गये साहसिक कार्य के लिये प्रदान किया जाता है। राष्ट्रीय स्तर के इन सम्मानों के तहत सम्मानित होने वाली प्रत्येक विभूति को एक लाख की राशि, तोरण, शॉल एवं प्रशस्तिपत्र भेंट किए जाएंगे।

राज्य स्तरीय अलंकरणों में महर्षि हारीत राशि अलंकरण समाज में आध्यात्मिक जागरण, वैदिक परम्पराओं की स्थापना एवं कर्मकाण्ड के प्रचार-प्रसार में श्रेष्ठ योगदान के लिये प्रदान किया जाता है। महाराणा मेवाड़ अलंकरण: यह सम्मान समाज में शैक्षिक, चारित्रिक, नैतिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान हेतु दी जाने वाली स्थायी मूल्य की सेवाओं के लिये प्रदान किया जाता है। महाराणा कुम्भा अलंकरण: यह सम्मान भारतीय संस्कृति, साहित्य व इतिहास के क्षेत्र में दी जाने वाली उल्लेखनीय सेवाओं से समाज में जागृति लाने वाले महानुभावों को प्रदान किया जाता है। महाराणा सज्जनसिंह अलंकरण: यह सम्मान चित्रकारी, स्थापत्य कला एवं अन्य ललित कलाओं की स्थायी मूल्य की सेवा हेतु प्रदान किया जाता है। डागर घराना सम्मान: यह वार्षिक सम्मान राजस्थान में शास्त्रीय संगीत, भारतीय शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने वाली प्रतिभा को प्रदान किया जाता है। राणा पूंजा अलंकरण: यह सम्मान मेवाड़ के आदिवासी समाज के उत्थान के लिए कार्य करने वाले उन्हीं के क्षेत्र की विभूति को प्रदान किया जाता है। अरावली अलंकरण: यह सम्मान खेलकूद के क्षेत्र में अर्जित विशिष्ट उपलब्धियों के लिए राज्य के खिलाड़ियों को प्रदान किया जाता है। इन राज्यस्तरीय सम्मानों के तहत 51 हजार की राशि, तोरण, शॉल एवं प्रशस्तिपत्र भेंट किए जाएंगे।

संयोजक गुप्ता ने बताया कि इसी विद्यार्थी वर्ग के सम्मानों में बेचलर डिग्री एवं बेचलर लेवल के डिप्लोमा आदि के लिये भामाशाह सम्मान प्रदान किया जाएगा। इस सम्मान के लिये राजस्थान स्थित विश्वविद्यालय के विद्यार्थी तथा राजस्थान के वे मूल निवासी विद्यार्थी जो राजस्थान से बाहर किसी अन्य विश्वविद्यालय से उक्त डिग्री या डिप्लोमा (परीक्षा सत्र 2024-2025) पूर्ण कर लिया है, वे आवेदन कर सकते हैं। इसी तरह उदयपुर स्थित विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के वे विद्यार्थी जो खेलकूद एवं शैक्षणिक-सहशैक्षणिक गतिविधियों में इस सत्र 2024-2025 में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया है, वे महाराणा राजसिंह सम्मान के लिए आवेदन कर सकते हैं। महाराणा फतह सिंह सम्मान के लिये उदयपुर स्थित विद्यालयों के वे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने सत्र 2024-2025 में 10वीं एवं 12वीं उच्च अंकों से उत्तीर्ण की है साथ ही इन्हीं परीक्षाओं में उत्तीर्ण वे विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने खेलकूद एवं शैक्षणिक-सहशैक्षणिक गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। विद्यार्थी वर्ग के सम्मानों के तहत 21 हजार की राशि, मेडल एवं प्रशस्तिपत्र भेंट किए जाएंगे।

Total
0
Shares
Previous Post

उदयपुर में Wrong-Side ड्राइविंग बनी चिंता का विषय, नागरिक समूह ने जागरूकता के लिए मीडिया और प्रशासन से की अपील

Next Post

अलवर के सिटी पैलेस में ‘अलवर टाइगर मैराथन’ के द्वितीय संस्करण का उद्घोष कार्यक्रम हुआ आयोजित

Related Posts

फसल बीमा योजना की विलेज मेपिंग एवं आधार मिस मैचिंग से संबंधित समस्याओं का तुरंत निस्तारण करें

फसल बीमा योजना की विलेज मेपिंग एवं आधार मिस मैचिंग से संबंधित समस्याओं का तुरंत निस्तारण करें प्रमुख शासन सचिव कृषि
Read More

Parle decides to boycott certain poisonous news channels

Parle Products has decided that the company will not advertise on news channels that broadcast toxic content. The report quotes Krishnarao Buddha the Senior Category Head of Marketing at Parle Products to say that the company is also exploring possibilities that would see other advertisers come together to create a restrain that would in turn prompt channels to improve their content.
Read More
Total
0
Share