अल्पसंख्यक मामलात मंत्री ने जैसलमेर में ली बिजली अधिकारियों की बैठक
जयपुर, 21 जून। अल्पसंख्यक मामलात, मंत्री श्री शाले मोहम्मद ने जैसलमेर जिले में विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने तथा बिजली से संबंधित समस्याओं व शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए गंभीरतापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए है।
उन्होंने कहा है कि भीषण गर्मी के मौजूदा दौर में यह अच्छी तरह सुनिश्चित किया जाए कि विद्युत आपूर्ति के साथ ही पेयजल गतिविधियों के लिए बिजली की उपलब्धता सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहे ताकि पानी के मामले में लोगों को कहीं कोई दिक्कत न आए।
अल्पसंख्यक मामलात मंत्री ने रविवार को जैसलमेर पंचायत समिति सभाकक्ष में जिले की बिजली आपूर्ति व इससे जुड़े प्रबन्धन के लिए जोधपुर विद्युत वितरण निगम लि. के अधिकारियों की बैठक में यह निर्देश दिए। श्री मोहम्मद ने बैठक में उपस्थित अधीक्षण अभियन्ता से लेकर जिले भर के सहायक अभियन्ता स्तर तक के अधिकारियों से फील्ड की स्थिति के बारे में बिन्दुवार चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री ओ.पी. विश्नोई, तहसीलदार विकास भाटी, अधीक्षण अभियन्ता(विद्युत) श्री नरेन्द्र कुमार जोशी, अधीक्षण अभियन्ता (जलदाय) श्री सुरेशचन्द्र जैन सहित बिजली एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
अल्पसंख्यक मामलात मंत्री ने कृषि एवं पेयजल से संबंधित योजनाओं आदि के लिए बिजली के कनेक्शन प्राथमिकता के आधार पर करने, पेयजल गतिविधियों के लिए विद्युत आपूर्ति निरन्तर एवं पर्याप्त बनाए रखने और बिजली से संबंधित समस्याओं के जल्द से जल्द समाधान के लिए मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि लाईनमैन स्तर तक सभी कार्मिकों को इस बात के लिए पाबंद किया जाए कि आम उपभोक्ताओं के फोन सुनते हुए उनकी बिजली समस्याओं का यथाशीघ्र निराकरण करें। श्री शाले मोहम्मद ने बिजली और पानी से संबंधित अधिकारियों व विभागों में पारस्परिक समन्वय को और अधिक मजबूत करने तथा पानी-बिजली की आपूर्ति में नियमितता के प्रति और अधिक गंभीरता बरतने के लिए कहा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री ओपी विश्नोई ने जिले में पानी-बिजली आपूर्ति प्रबन्धन के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे सार्थक उपायों पर जानकारी दी और कहा कि इस दिशा में ठोस कार्यवाही अमल में लायी जा रही है।
जोधपुर विद्युत वितरण निगम लि. के अधीक्षण अभियन्ता श्री नरेन्द्रकुमार जोशी ने जिले में विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि बिजली आपूर्ति के प्रति हर स्तर पर गंभीरता बरती जा रही है और बिजली से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कारगर कार्यवाही का प्रबन्ध सुनिश्चित है। नियंत्रण कक्षों को सक्रिय किया गया है तथा बिजली अभियन्ताओं द्वारा जिले के भ्रमण के दौरान बिजली आपूर्ति और इससे संबंधित समस्याओं के मौके पर ही समाधान की कार्यवाही की जाती रही है।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियन्ता श्री सुरेशचन्द्र जैन ने जिले में पेयजल आपूर्ति से संबंधित जानकारी दी। जिले के विभिन्न हिस्सों से आए बिजली अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की बिजली आपूर्ति, विद्युत योजनाओं तथा बिजली से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी।
अल्पसंख्यक मामलात मंत्री ने दिलाई कोरोना संक्रमण से बचाव की शपथ,
अल्पसंख्यक मामलात, मंत्री श्री शाले मोहम्मद ने राज्य सरकार द्वारा आरंभ किए गए कोरोना बचाव विशेष जागरुकता अभियान को प्रदेशवासियों की सेहत रक्षा का महा अभियान बताया है।
उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री की पहल पर आरंभ हुए इस अभियान से प्रेरणा पाकर जन-जन में कोरोना बचाव को लेकर बरती जाने वाली सावधानियों का गांव-ढांणियों और सरहदी क्षेत्रों तक संदेश संवहित करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है जिसे समर्पित भाव से पूर्ण करने के लिए आगे आना होगा।
अल्पसंख्यक मामलात मंत्री ने रविवार को जैसलमेर पंचायत समिति सभा कक्ष में बिजली एवं अन्य विभागीय अधिकारियों की बैठक में सभी को कोरोना से बचाव के लिए शपथ दिलाते हुए यह आह्वान किया। उन्होंने सभी उपस्थितजनों को शपथ दिलाई और कहा कि 30 जून तक चलने वाले इस अभियान में पूरी-पूरी सहभागिता निभाते हुए जैसलमेर जिले में इस अभियान को आशातीत सफलता दिलाएं।
Related Posts
पुतिन का ऐलान- रूस की कोविड-19 वैक्सीन को मिली मंजूरी, बोले- मेरी बेटी को लगा पहला टीका
रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन ने मंगलवार को ऐलान किया कि देश में तैयार की गई कोरोना वायरस…
750 MW Solar Project set up at Rewa, Madhya Pradesh
750 MW Solar Project set up at Rewa, Madhya Pradesh
पंचायत चुनाव क्षेत्रों में तीन दिनों के लिए सूखा दिवस घोषित
जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के दौरान संबंधित क्षेत्र में तीन दिन सूखा दिवस रहेगा। वित्त (आबकारी) विभाग के संयुक्त शासन सचिव श्री औंकारमल राजोतिया ने बताया कि पहले चरण के चुनाव के लिए 21 नवम्बर सायं 5 बजे से 23 नवम्बर सायं 5 बजे तक, दूसरे चरण में 25 नवम्बर सायं 5 बजे से 27 नवम्बर सायं 5 बजे तक, तीसरे चरण के लिए 29 नवम्बर सायं 5 बजे से 1 दिसम्बर सायं 5 बजे तक एवं चौथे चरण के चुनाव के लिए 3 दिसम्बर सायं 5 बजे से 5 दिसम्बर सायं 5 बजे तक सूखा दिवस रहेगा।





