विश्व, भारत को आर्थिक विकास के इंजन के रूप में देखता है : श्री पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण और वस्त्र मंत्री श्री पीयूष गोयल ने आज कहा कि विश्व अब भारत को आर्थिक विकास के इंजन के रूप में देखता है। वह आज नई दिल्ली में व्यापारी उद्यमी सम्मेलन में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।

आज भारत को दुनिया का विश्वास हासिल होने पर जोर देते हुए श्री पीयूष गोयल ने कहा कि विकसित देश अब भारत के साथ व्यापारिक समझौते करने के लिए खासे उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले, भारतीय अर्थव्यवस्था को कमजोर समझा जाता था और निवेशकों के कारोबार करने के उद्देश्य से भारत आने को लेकर संदेह रहता था।

पारदर्शिता और कारोबारी सुगमता पर जोर देते हुए केंद्रीय मंत्री ने व्यापारियों और उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि सरकार उन व्यापारियों को पूरा समर्थन देगी, जिन्होंने किसी प्राधिकरण द्वारा उत्पीड़न किए जाने के खिलाफ आवाज उठाई है।

उन्होंने व्यापारियों से लोगों और व्यवसायों पर अनुपालन के बोझ को कम करने के लिए सरकार के साथ काम करने का अनुरोध किया। साथ ही कहा कि उन्हें व्यापार की उपयुक्त प्रक्रियाओं का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कारोबारी सुगमता में सुधार के लिए अनावश्यक, बोझिल और हतोत्साहित करने वाले कानूनों एवं नियमों को खत्म किया जाना चाहिए।

उन्होंने व्यापारियों से भारत द्वारा पेशकश की जाने वाली वस्तुओं और सेवाओं की गुणवत्ता को प्राथमिकता देने के लिए कहा। उन्होंने युवाओं को आगे आने के लिए प्रोत्साहित करने और नए विचारों के साथ भारत की विकास की गाथा को नई ऊर्जा देने की आवश्यकता को भी रेखांकित किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा किए गए ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान को देश के युवाओं को अवश्य आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अधिक से अधिक महिलाओं को व्यापारी और उद्यमी बनने के लिए भी प्रोत्साहित करना चाहिए।

प्रधानमंत्री की दूरदर्शी कल्याणकारी नीतियों की सराहना करते हुए, श्री गोयल ने कहा कि इन नीतियों से गरीबों को ग्राहकों के रूप में उभरने में सहायता मिल रही है और इससे भारत की जनसंख्या सफलतापूर्वक उसकी एक बड़ी ताकत के रूप में परिवर्तित हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के अथक परिश्रम से देश के हर घर में रसोई गैस, पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच सुनिश्चित हुई है और हर गांव में इंटरनेट की पहुंच हो गई है। श्री गोयल ने कहा कि सरकार की नीतियों ने भी प्रत्येक भारतीय को महत्वाकांक्षी होने का साहस और उद्यमी बनने की आकांक्षा का आत्मविश्वास दिया है।

केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि व्यापारियों तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रधानमंत्री की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की तरफ से हो रही वस्तुओं की मांग से लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बड़े और छोटे सभी व्यापारियों, उद्यमियों और व्यवसायों से एक साथ काम करने का सामूहिक संकल्प लेने के लिए कहा, ताकि अधिक से अधिक भारतीय उत्पादों को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत के सपने को आगे बढ़ाया जा सके।

***

Total
0
Shares
Previous Post

Wetlands in India

Next Post

विशेषज्ञों ने प्रौद्योगिकी नवाचार केंद्रो (टीआईएच) के माध्यम से लागू की जाने वाली भारत-अमेरिका संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ योजनाओं पर चर्चा की

Related Posts
Rajasthan Exam CHO

संविदा सीएचओ भर्ती 2020 अभ्यर्थियों को सभी प्रकार के ऑनलाइन संशोधन करने का अवसर 22 से 24 सितम्बर तक करा सकते हैं संशोधन

जयपुर, 18 सितम्बर। चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने संविदा सीएचओ (कम्युनिटी हैल्थ ऑफिसर) भर्ती 2020 के अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में ऑनलाईन संशोधन करने के लिए 22 सितम्बर से 24 सितम्बर 2020 तक अवसर प्रदान किया है।
Read More
Total
0
Share